भनवापुर में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला 18 वर्षीय युवती का शव, इलाके में सनसनी
📅 Published on: September 13, 2026
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के भनवापुर चौराहे पर शुक्रवार देर रात एक 18 वर्षीय युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में छत के कुंडे से लटकता मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
भनवापुर चौराहे पर फल-सब्जी की दुकान चलाने वाले गया प्रसाद गौतम का परिवार रात में भोजन करने के बाद सोने चला गया था। उनकी 18 वर्षीय बेटी सोनम अपनी बहन सुंदरी के साथ एक ही बिस्तर पर सोई हुई थी। परिजनों के मुताबिक, रात करीब एक बजे सोनम अचानक बिस्तर से उठकर चली गई। काफी देर तक वापस न लौटने पर सुंदरी ने घर वालों को जगाया। परिजनों ने जब उसकी तलाश शुरू की तो सोनम कमरे में छत के कुंडे से दुपट्टे के सहारे फंदे से लटकी मिली।
घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई। थानाध्यक्ष त्रिलोकपुर अनूप कुमार मिश्र ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा और आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
सांकेतिक फोटो


