बढ़नी में अंडरपास निर्माण व ट्रेनों के ठहराव की मांग: रोहित कुमार ‘मीत’ ने महाप्रबंधक के समक्ष उठाए जनहित के मुद्दे

Kapilvastupost

रेल फाटक बंद रहने से लोग परेशान, महाप्रबंधक से की अंडरपास सर्वे की मांग पूर्वोत्तर रेलवे की सलाहकार समिति की बैठक में समिति सदस्य रोहित कुमार ‘मीत’ ने बढ़नी क्षेत्र की विभिन्न रेल समस्याओं को महाप्रबंधक श्री उदय बोरवणकर के समक्ष प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि रेलवे फाटक लंबे समय तक बंद रहने से स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समस्या के स्थायी समाधान के लिए उन्होंने बढ़नी में अंडरपास निर्माण के लिए आवश्यक सर्वे व त्वरित कार्यवाही शुरू करने का आग्रह किया।

स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए 15069/15070 में एसी स्लीपर कोच की आवश्यकता बैठक के दौरान रोहित कुमार ‘मीत’ ने ट्रेन संख्या 15069/15070 में एसी स्लीपर कोच की सुविधा की मांग रखी। उन्होंने ध्यान दिलाया कि आसपास के जिलों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में मरीजों को इलाज के लिए गोरखपुर और लखनऊ जाना पड़ता है। स्लीपर सुविधाओं की कमी से मरीजों और उनके परिजनों को यात्रा में काफी कठिनाई उठानी पड़ती है।

नेपाल सीमावर्ती स्टेशन बढ़नी पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग नेपाल सीमा के निकट स्थित बढ़नी रेलवे स्टेशन के रणनीतिक महत्व को रेखांकित करते हुए विभिन्न प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग की गई। उन्होंने स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार और इसे अधिक सुविधाजनक बनाने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया।

दिव्यांग यात्रियों के सुगम सफर पर चर्चा, सामाजिक कार्यों के लिए ‘मीत’ सम्मानित बैठक में दिव्यांग एवं दृष्टिबाधित यात्रियों के लिए स्टेशनों व ट्रेनों में सुगम सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान ‘मीत वेलफेयर फाउंडेशन’ द्वारा दिव्यांगजनों के हित में किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना की गई। जनसेवा में विशेष योगदान के लिए महाप्रबंधक  उदय बोरवणकर ने रोहित कुमार ‘मीत’ को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न (मोमेंटो) भेंट कर सम्मानित किया।