प्राइम टाइम स्पेशल – सिद्धार्थनगर का बढ़ा मान: डॉ. भास्कर शर्मा को मिला ‘बेस्ट साइंटिस्ट ऑफ़ द ईयर’ का प्रतिष्ठित सम्मान

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर। होम्योपैथी चिकित्सा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में सिद्धार्थनगर जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है। जिले के प्रख्यात होम्योपैथिक चिकित्सक और शोधकर्ता प्रो. डॉ. भास्कर शर्मा को उनकी असाधारण उपलब्धियों व अनुसंधान में उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘बेस्ट साइंटिस्ट ऑफ़ द ईयर’ सम्मान से नवाजा गया है।

तमिलनाडु की समिति ने 12 सितंबर को दिया सम्मान डॉ. भास्कर शर्मा को यह प्रतिष्ठित सम्मान 12 सितंबर 2026 को ‘वैज्ञानिक सम्मान साइंटिफिक लोरियल समिति’ (तमिलनाडु) द्वारा प्रदान किया गया। डॉ. शर्मा लंबे समय से होम्योपैथी चिकित्सा के साथ-साथ शोध व नवाचार गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनके शोधपरक कार्यों और इस क्षेत्र में निरंतर समर्पण को देखते हुए समिति ने उन्हें इस राष्ट्रीय सम्मान के लिए चुना।

चिकित्सकों और शिक्षाविदों में खुशी की लहर डॉ. भास्कर शर्मा को यह बड़ी उपलब्धि मिलने पर सिद्धार्थनगर समेत चिकित्सा जगत से जुड़े लोगों, शिक्षाविदों और शोधकर्ताओं में हर्ष का माहौल है।

बधाई देते हुए डॉ. दिनेश कुमार मौर्य, डॉ. कल्याण स्वरूप, डॉ. नसीम अख्तर और डॉ. विकास उपाध्याय ने कहा कि डॉ. शर्मा का यह सम्मान पूरे जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा और अनुसंधान के क्षेत्र में मिलने वाले ऐसे प्रतिष्ठित पुरस्कार युवा शोधकर्ताओं को नए विषयों पर शोध करने तथा वैज्ञानिक दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करेंगे।