📅 Published on: September 19, 2026
Kapilvastupost
मिश्रौलिया (सिद्धार्थनगर)। खुनियांव सीएचसी के एमओआईसी डॉ. देवव्रत राव के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शुक्रवार को बढ़या स्थित पूर्वा डायग्नोस्टिक सेंटर पर अचानक छापेमारी की। शिकायत मिलने के बाद पहुंची जांच टीम ने सेंटर में चल रही जांच सेवाओं, आवश्यक दस्तावेजों और डॉक्टर की मौजूदगी की गहन पड़ताल की। मौके पर शिकायत में दी गई कई अनियमितताओं की पुष्टि हुई है।
अल्ट्रासाउंड और पैथोलॉजी का हो रहा था संचालन, दस्तावेज गायब एमओआईसी डॉ. देवव्रत राव ने बताया कि निरीक्षण के दौरान सेंटर पर अल्ट्रासाउंड और पैथोलॉजी जांच का संचालन होता पाया गया। जब सेंटर संचालक से संचालन से जुड़े वैध दस्तावेज, एनओसी (NOC) और पंजीकृत डॉक्टर की मौजूदगी के अभिलेख मांगे गए, तो वह मौके पर कोई भी कागज प्रस्तुत नहीं कर सका।
कार्रवाई की चेतावनी: दस्तावेज जमा करने के लिए मिला 2 दिन का अल्टीमेटम स्वास्थ्य विभाग की टीम ने डायग्नोस्टिक सेंटर संचालक को सभी आवश्यक कागजात और एनओसी पेश करने के लिए दो दिन की मोहलत दी है। एमओआईसी ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर दस्तावेज जमा नहीं किए गए, तो संबंधित सेंटर संचालक के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, टीम ने बढ़या चौराहे पर संचालित कई अन्य क्लीनिकों का भी निरीक्षण कर जायजा लिया।