📅 Published on: September 19, 2026
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से फंदा लगाकर आत्महत्या करने की दो दर्दनाक घटनाएं सामने आई हैं। पहली घटना शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के बरगदही गांव की है, जहां 38 वर्षीय महिला ने कमरे में फंदा लगा लिया। वहीं दूसरी घटना बांसी नगर पालिका के निषाद नगर वार्ड की है, जहां एक 28 वर्षीय युवक का शव कमरे में लटकता पाया गया। दोनों ही घटनाओं में परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पुलिस शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच में जुट गई है।
घटना 1: 20 साल से नि:संतान थी महिला, पति मुंबई में; कमरे में लटका मिला शव
शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के मदरहना उर्फ दत्तपुर टोला बरगदही की रहने वाली संगीता (38) पत्नी उदयराज विश्वकर्मा ने गुरुवार रात अपने कमरे में छत की कुंडी से फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
मृतका के पिता विक्रम विश्वकर्मा (निवासी पनेरी गांव, मोहाना) ने बताया कि संगीता की शादी 20 साल पहले हुई थी, लेकिन उसकी कोई संतान नहीं थी। दामाद उदयराज दो महीने पहले ही काम के सिलसिले में मुंबई गए हैं। शुक्रवार सुबह जब संगीता अपने कमरे से बाहर नहीं निकली, तो परिजनों ने अंदर जाकर देखा, जहां उसका शव लटक रहा था। कमरा अंदर से बंद था। परिजनों ने किसी भी विवाद से इनकार किया है। प्रभारी निरीक्षक शेषमणि पांडेय के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है और वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही साफ होगा।
घटना 2: दो बच्चों के पिता प्राइवेट ड्राइवर का कमरे में मिला शव
दूसरी घटना बांसी नगर पालिका के निषाद नगर (तेलडीहवा टोला) की है। यहां गुरुवार देर रात मोहम्मद राशिद (28) का शव उसके कमरे में फंदे से लटकता मिला। राशिद पेशे से प्राइवेट वाहन चालक था और अपने पीछे पत्नी, 5 साल के बेटे और 3 साल की बेटी को छोड़ गया है।
घटना की सूचना मिलने पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शुक्रवार को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हालांकि आसपास के लोगों में गृह कलह की चर्चा है, लेकिन परिजनों ने इससे इनकार किया है। कोतवाल महेंद्र प्रताप चतुर्वेदी ने बताया कि आत्महत्या के कारणों की पड़ताल की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।