चेतिया: बंद कमरे का ताला तोड़कर चोरी, 40 हजार नकदी समेत 3.50 लाख के जेवर पार

कपिलवस्तु पोस्ट 

सिद्धार्थनगर। जिले के मिश्रौलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत तिघरा गांव (चेतिया) में शुक्रवार रात अज्ञात चोरों ने एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने घर की छत पर बने कमरे का ताला तोड़कर नकदी समेत करीब साढ़े तीन लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण पार कर दिए। घटना की जानकारी शनिवार सुबह परिजनों को हुई, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

ऐसे हुई घटना की जानकारी

पीड़ित रामकिशुन प्रजापति ने बताया कि उनके घर की छत पर दो कमरे बने हैं, जिनमें घरेलू सामान और कीमती सामान रखा रहता है। शुक्रवार की रात रोज की तरह परिवार के सभी लोग नीचे बने कमरों में सो रहे थे। इसी बीच मौका पाकर चोरों ने छत पर बने कमरे का कुंडा व ताला तोड़ दिया और अंदर रखे बक्से व अलमारी को खंगाल डाला।

शनिवार सुबह रामकिशुन की बेटी करिश्मा खेत में काम कर रहे लोगों के लिए नाश्ता ले जाने के इरादे से टिफिन और बर्तन लेने छत वाले कमरे में गई। वहां का ताला टूटा और सामान अस्त-व्यस्त बिखरा देख उसके होश उड़ गए। उसने तुरंत इसकी सूचना परिजनों और आसपास के लोगों को दी।

नकदी और जेवरात समेट ले गए चोर

सूचना पाकर खेत से घर पहुंचे रामकिशुन ने जब सामान की पड़ताल की तो बक्से में रखे 40 हजार रुपये नकद गायब थे। इसके अलावा चोर घर में रखे कीमती आभूषण—जिनमें नथिया, टीका, झाला, झुमकी, पायल, पाजेब, मंगलसूत्र और मक्खी शामिल हैं—भी चुरा ले गए। परिजनों के अनुसार चोरी गए कुल जेवरात की कीमत लगभग 3.50 लाख रुपये है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिश्रौलिया थाना पुलिस को दे दी गई है। मामले पर थानाध्यक्ष रामदेव ने बताया कि चोरी की तहरीर मिली है। पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।