📅 Published on: September 25, 2026
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। डुमरियागंज थाना क्षेत्र के मगरांव गांव में बुधवार सुबह पुरानी रंजिश के चलते एक घर पर हमला कर मां-बेटी के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना में दोनों को चोटें आई हैं। पीड़िता ने थाना प्रभारी को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
तहरीर के अनुसार, मगरांव निवासी रीता देवी पत्नी चंद्रपाल ने बताया कि बुधवार सुबह करीब आठ बजे गांव का ही रमेश उनके दरवाजे पर आया और अकारण गाली-गलौज करने लगा। जब उनकी बेटी शालू ने इसका विरोध किया, तो विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि इसके बाद रमेश ने ठाकुर, कैलाश, बांका, छोटे, कन्नावती, बिंदा, सुशीला, अनीता और अर्जुन समेत अन्य लोगों के साथ मिलकर उनके घर पर हमला बोल दिया और मां-बेटी को लाठी-डंडों से पीटा।
पीड़िता ने पुलिस को तहरीर सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच, सभी नामजद आरोपियों पर कानूनी कार्रवाई और अपने परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।