नगर पंचायत इटवा बनी ‘नरक पंचायत’: राजपूत डीहवा रोड पर जलजमाव से त्रस्त ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
📅 Published on: September 25, 2026
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। नगर पंचायत इटवा का वार्ड राजपूत डीहवा रोड इन दिनों प्रशासनिक उपेक्षा का शिकार बना हुआ है। हर साल की तरह इस बार भी हल्की सी बारिश में ही सड़क पर भारी जलजमाव हो गया है, जिससे यह मार्ग राहगीरों और ग्रामीणों के लिए मुसीबत का सबब बन चुका है। आलम यह है कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से आक्रोशित स्थानीय लोग अब इस नगर पंचायत को ‘नरक पंचायत’ कहने लगे हैं।
स्कूल जाने वाले मासूम और राहगीर हो रहे परेशान
सड़क पर जमा गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना ग्रामीणों की मजबूरी बन चुका है। सबसे ज्यादा समस्या स्कूल आने-जाने वाले छोटे-छोटे बच्चों और बुजुर्गों को उठानी पड़ रही है। जलजमाव के कारण आये दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, वहीं लंबे समय से ठहरे पानी के कारण संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी मंडराने लगा है।
स्थायी समाधान न होने पर उठे सवाल
स्थानीय निवासियों में नगर पंचायत प्रशासन के खिलाफ गहरा रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या हर साल आती है, लेकिन प्रशासन सिर्फ आश्वासन देकर अपनी जिम्मेदारियों से इतिश्री कर लेता है। जल निकासी के लिए आज तक कोई ठोस या स्थायी कदम नहीं उठाए गए।
ग्रामीणों ने नगर पंचायत प्रशासन से तीखे सवाल पूछते हुए कहा:
हर साल जलजमाव की समस्या से जनता को परेशान क्यों होना पड़ता है?
समस्या का स्थायी समाधान ढूंढने में प्रशासन विफल क्यों है?
जनता की इस दुर्दशा का आखिर जिम्मेदार कौन है?


