📅 Published on: October 18, 2026
बरामदगी: 5 मोबाइल, 10 चार्जर, 25 ब्लूटूथ, 4 इयरफोन, 1 चाकू और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान।
गिरफ्तार आरोपी: दीपक और आकाश (पुत्र टिहुल, निवासी भैंसहिया, थाना शिवनगर डिड़ई)।
आपराधिक इतिहास: मुख्य आरोपी दीपक पर आबकारी अधिनियम समेत कई थानों में पहले से मामले दर्ज हैं।
Kapilvastupost
डिड़ई (सिद्धार्थ नगर ): क्षेत्र के एक मोबाइल दुकान में हुई चोरी की घटना का एंटी थेफ्ट टीम, थाना शिवनगर डिड़ई और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने शनिवार को सफलतापूर्वक पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो शातिर चोरों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से चोरी किया गया सारा सामान बरामद कर लिया है।
तेनुई पुलिया के पास धरे गए आरोपी शिवनगर डिड़ई थानाध्यक्ष बृजेश सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार की रात एंटी थेफ्ट टीम और सर्विलांस सेल क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान तेनुई पुलिया के पास दो संदिग्ध लोग हाथ में झोला लेकर गुजरते हुए दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों ने तेज कदम बढ़ाकर भागने की कोशिश की, लेकिन सतर्क पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा।
तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद झोले से 5 मोबाइल, 10 चार्जर, 25 ब्लूटूथ, 4 इयरफोन, एक चाकू और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद हुआ। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने ही कुछ दिन पहले मोबाइल की दुकान में चोरी की थी और यह सारा सामान उसी दुकान का है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान दीपक और आकाश (पुत्र टिहुल, निवासी भैंसहिया, थाना शिवनगर डिड़ई) के रूप में हुई है।
मुख्य आरोपी दीपक का रहा है आपराधिक इतिहास पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि चोरी के आरोप में पकड़ा गया आरोपी दीपक शातिर किस्म का अपराधी है। उसके खिलाफ पहले से भी कई गंभीर मामले दर्ज हैं। मिश्रौलिया थाना में धारा 60(1) आबकारी अधिनियम, पथरा थाना में धारा 60(1) आबकारी अधिनियम के दो केस, तथा शिवनगर डिड़ई थाना में भी धारा 60(1) आबकारी अधिनियम के दो मामले दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है।