रेलमार्ग से जुड़ेंगी राम-सीता की जन्मभूमि: जनकपुरधाम और अयोध्या के बीच दौड़ेगी नई साप्ताहिक ट्रेन, धार्मिक पर्यटन और व्यापार को लगेंगे पंख
📅 Published on: November 24, 2026
604 किलोमीटर का सफर तय करेगी ट्रेन, नेपाल के पीएम की भारत यात्रा के दौरान हो सकता है शुभारंभ; बिहार और यूपी के यात्रियों को भी मिलेगा सीधा लाभ
निजाम अंसारी
सिद्धार्थनगर: भारत और नेपाल के सदियों पुराने सांस्कृतिक, धार्मिक और ऐतिहासिक रिश्तों को अब भारतीय रेल के माध्यम से एक नई मजबूती मिलने जा रही है। माता सीता की जन्मभूमि जनकपुरधाम (नेपाल) और भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या (भारत) को सीधे रेलमार्ग से जोड़ने के लिए एक नई साप्ताहिक रेल सेवा शुरू करने की पहल की गई है। भारतीय रेलवे द्वारा स्वीकृत यह ट्रेन लगभग 604 किलोमीटर की दूरी तय करेगी, जिससे दोनों देशों के लाखों श्रद्धालुओं को आवागमन में बड़ी सहूलियत मिलेगी।
दोनों देशों के प्रधानमंत्री कर सकते हैं संयुक्त शुभारंभ नेपाल के प्रधानमंत्री वालेन्द्र शाह की आगामी भारत यात्रा के दौरान दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों द्वारा इस ऐतिहासिक रेल सेवा का संयुक्त रूप से शुभारंभ किए जाने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इस पहल के धरातल पर उतरने से ‘रामायण सर्किट’ को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।
ट्रेन की समय-सारणी और प्रमुख ठहराव नेपाल रेलवे कंपनी के प्रबंध निदेशक परिवेश पराजुली के अनुसार, शुरुआती चरण में यह ट्रेन सप्ताह में एक बार संचालित होगी:
जनकपुरधाम से अयोध्या (ट्रेन संख्या 15595): प्रत्येक शनिवार दोपहर 1:10 बजे जनकपुरधाम से रवाना होगी और रविवार सुबह 8:10 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी।
अयोध्या से जनकपुरधाम (ट्रेन संख्या 15596): वापसी में प्रत्येक सोमवार शाम 5:50 बजे अयोध्या कैंट से प्रस्थान कर मंगलवार दोपहर 12:40 बजे जनकपुरधाम पहुंचेगी।


