रेलमार्ग से जुड़ेंगी राम-सीता की जन्मभूमि: जनकपुरधाम और अयोध्या के बीच दौड़ेगी नई साप्ताहिक ट्रेन, धार्मिक पर्यटन और व्यापार को लगेंगे पंख

604 किलोमीटर का सफर तय करेगी ट्रेन, नेपाल के पीएम की भारत यात्रा के दौरान हो सकता है शुभारंभ; बिहार और यूपी के यात्रियों को भी मिलेगा सीधा लाभ

निजाम अंसारी

सिद्धार्थनगर: भारत और नेपाल के सदियों पुराने सांस्कृतिक, धार्मिक और ऐतिहासिक रिश्तों को अब भारतीय रेल के माध्यम से एक नई मजबूती मिलने जा रही है। माता सीता की जन्मभूमि जनकपुरधाम (नेपाल) और भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या (भारत) को सीधे रेलमार्ग से जोड़ने के लिए एक नई साप्ताहिक रेल सेवा शुरू करने की पहल की गई है। भारतीय रेलवे द्वारा स्वीकृत यह ट्रेन लगभग 604 किलोमीटर की दूरी तय करेगी, जिससे दोनों देशों के लाखों श्रद्धालुओं को आवागमन में बड़ी सहूलियत मिलेगी।

दोनों देशों के प्रधानमंत्री कर सकते हैं संयुक्त शुभारंभ नेपाल के प्रधानमंत्री वालेन्द्र शाह की आगामी भारत यात्रा के दौरान दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों द्वारा इस ऐतिहासिक रेल सेवा का संयुक्त रूप से शुभारंभ किए जाने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इस पहल के धरातल पर उतरने से ‘रामायण सर्किट’ को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।

ट्रेन की समय-सारणी और प्रमुख ठहराव नेपाल रेलवे कंपनी के प्रबंध निदेशक परिवेश पराजुली के अनुसार, शुरुआती चरण में यह ट्रेन सप्ताह में एक बार संचालित होगी:

  • जनकपुरधाम से अयोध्या (ट्रेन संख्या 15595): प्रत्येक शनिवार दोपहर 1:10 बजे जनकपुरधाम से रवाना होगी और रविवार सुबह 8:10 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी।

  • अयोध्या से जनकपुरधाम (ट्रेन संख्या 15596): वापसी में प्रत्येक सोमवार शाम 5:50 बजे अयोध्या कैंट से प्रस्थान कर मंगलवार दोपहर 12:40 बजे जनकपुरधाम पहुंचेगी।

इस ट्रेन का ठहराव जयनगर, मधुबनी, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती और मनकापुर जैसे प्रमुख स्टेशनों पर दिया गया है। इससे न केवल नेपाल के यात्रियों, बल्कि बिहार और उत्तर प्रदेश के श्रद्धालुओं व आम नागरिकों को भी सीधा लाभ मिलेगा।

पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगी गति इस सीधी रेल सेवा के शुरू होने से अयोध्या के श्रीराम मंदिर और जनकपुरधाम के जानकी मंदिर, धनुषाधाम तथा विवाह मंडप जैसे पवित्र स्थलों पर पर्यटकों की संख्या में बड़ा इजाफा होने की उम्मीद है। स्थानीय कारोबारियों और राजनीतिक दलों ने इस फैसले का जोरदार स्वागत किया है। उनका मानना है कि इससे धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ होटल, परिवहन, हस्तशिल्प और कृषि उत्पादों के व्यापार को भी नई गति मिलेगी।

सुविधाओं और सुरक्षा पर देना होगा विशेष ध्यान स्थानीय नेताओं का कहना है कि यह ट्रेन केवल दो शहरों को जोड़ने का माध्यम नहीं, बल्कि दोनों देशों के नागरिकों के बीच आत्मीयता और आपसी विश्वास को बढ़ाने का एक मजबूत सेतु बनेगी। हालांकि, जानकारों का यह भी मानना है कि यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए दोनों देशों को सीमा पर सुरक्षा, स्वच्छता, आवास और बुनियादी यात्री सुविधाओं पर विशेष ध्यान देना होगा, ताकि यह पहल भारत-नेपाल संबंधों में एक स्वर्णिम अध्याय जोड़ सके।