📅 Published on: November 23, 2026
निज़ाम अंसारी
सिद्धार्थनगर जिले के बांसी कस्बे की मेधावी बेटी जाहिदा हुसैन ने लखनऊ स्थित इंटीग्रल यूनिवर्सिटी में इतिहास ऑनर्स विषय में स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) हासिल कर परिवार और पूरे जिले का गौरव बढ़ाया है। बांसी के गौतमबुद्ध नगर वार्ड निवासी व्यवसायी हुसैन अहमद की सुपुत्री जाहिदा ने 8.9 सीजीपीए के शानदार अंकों के साथ कला स्नातक (बीए ऑनर्स) की डिग्री प्राप्त की है। शनिवार को विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित भव्य दीक्षांत समारोह में उन्हें शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए स्वर्ण पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कड़ी मेहनत को दिया सफलता का श्रेय, लोक प्रशासन में कर रहीं परास्नातक
अपनी इस शानदार उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए जाहिदा हुसैन ने अपनी सफलता का श्रेय कड़ी मेहनत, निरंतर अध्ययन और शिक्षा के प्रति समर्पण को दिया है। स्नातक की पढ़ाई में स्वर्ण पदक हासिल करने के बाद जाहिदा वर्तमान में लोक प्रशासन (पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन) विषय से परास्नातक (एमए) की पढ़ाई कर रही हैं। उनकी इस कामयाबी से परिवार सहित पूरे बांसी कस्बे में हर्ष और उत्साह का माहौल है।
जनप्रतिनिधियों व नगरवासियों ने दी बधाई
जाहिदा की इस शैक्षणिक उपलब्धि पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने उनके आवास पर पहुंचकर व संदेश के माध्यम से बधाई दी है। शुभकामनाएं देने वालों में पूर्व विधायक लालजी यादव, नगर पालिका अध्यक्ष चमन आरा राईनी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मोहम्मद इदरीश पटवारी, अजय कुमार श्रीवास्तव ‘अज्जू’, विष्णु जायसवाल ‘सोनू’, अब्दुल मोहीद खान, रवि टंडन, ऋषि श्रीवास्तव, सभासद अशफाक अहमद ‘छोटे’, मुनीश मेकरानी और करीम राईनी सहित तमाम कस्बेवासी शामिल रहे। सभी ने जाहिदा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।