सिद्धार्थनगर में अनियंत्रित ट्रक का कहर: बाइक सवार युवक की मौत, महिला समेत दो घायल; चालक फरार

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर: जिले के उसका बाजार थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही एक बार फिर जानलेवा साबित हुई है। सोहास-उसका मार्ग पर उचहरिया गांव के पास एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला और एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, बाइक पर सवार तीन लोग कहीं जा रहे थे। इसी दौरान उचहरिया गांव के समीप तेज रफ्तार से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में घायल महिला और दूसरे युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

तीनों पीड़ित उसका बाजार थाना क्षेत्र के कुकुरभुकवा गांव के निवासी बताए गए हैं। दुर्घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई और चालक मौका पाकर ट्रक छोड़कर भाग निकला।

सूचना मिलते ही सोहास बाजार चौकी पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद और एंबुलेंस के जरिए दोनों घायलों को बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवाया। वहीं, मृतक के शव को कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश में विधिक कार्रवाई की जा रही है।