सिद्धार्थनगर के चिल्हिया क्षेत्र में दो दिन से लापता व्यक्ति का शव डोईया नाले में मिला, गांव में फैली सनसनी

कपिलवस्तुपोस्ट 

सिद्धार्थनगर जिले के चिल्हिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पकड़ी के टोला नौडिहवा में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के उत्तर दिशा में स्थित श्मशान घाट के पास डोईया नाले में एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उतराता हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।

दो दिन से घर से लापता थे मृतक

मृतक की पहचान नौडिहवा निवासी राममिलन के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, राममिलन पिछले दो दिनों से घर से लापता थे। काफी खोजबीन के बाद भी जब उनका कोई सुराग नहीं लगा, तो परिजनों ने चिल्हिया थाने में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दो दिन बाद गांव के ही नाले में उनका शव बरामद होने से परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव, जांच में जुटी पुलिस

ग्रामीणों की सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंची चिल्हिया थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को नाले से बाहर निकलवाया और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल राममिलन की मौत किन परिस्थितियों में हुई है, इसका स्पष्ट कारण पता नहीं चल सका है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा, जिसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।