📅 Published on: November 28, 2026
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर: त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के मुड़ीला मिश्र गांव स्थित सेमराडीह टोले से दो दिनों से लापता सात वर्षीय बालक का शव शनिवार सुबह गांव के पश्चिम स्थित तालाब में उतराता मिला। मासूम का शव मिलने की खबर फैलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम पसर गया।
जानकारी के अनुसार, सेमराडीह निवासी अशोक कश्यप का सात वर्षीय पुत्र आदित्य 26 नवंबर को घर से निकला था। उस समय उसकी मां गांव के पश्चिम स्थित खेत में लहसुन की बोआई कर रही थी। मां के पास जाने की बात कहकर घर से निकला आदित्य रास्ते से ही संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया।
परिजनों और ग्रामीणों ने आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। किसी अनहोनी की आशंका के चलते ग्रामीणों ने गांव के पश्चिम स्थित तालाब में जाल डालकर भी तलाश की, मगर उस समय सफलता नहीं मिली। इसके बाद बालक के बड़े भाई रवि कश्यप ने शुक्रवार को उपजिलाधिकारी (एसडीएम) इटवा को प्रार्थना पत्र देकर भाई की बरामदगी की गुहार लगाई थी।
शनिवार सुबह करीब साढ़े छह बजे ग्रामीणों ने उसी तालाब में बालक का शव उतराता देखा। सूचना मिलते ही रोते-बिलखते परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को तालाब से बाहर निकलवाया। बिस्कोहर चौकी प्रभारी सुरेश यादव ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।