📅 Published on: March 28, 2023
अभिषेक शुक्ला
पथरा। पथरा थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने अकेले ही पथरा-तिघोड़वा मार्ग जाम कर दिया इससे आवागमन प्रभावित हो गया। महिला का आरोप है पति ने उसे घर से निकाल दिया है और रहने नहीं दे रहा है। पुलिस ने न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।
पथरा थाना के तिघोड़वा गांव में राहुल यादव से ब्याही अंजलि सिंह ने सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे फिर शाम पांच बजे पथरा-तिघोड़वा मार्ग जाम कर दिया इससे आवागमन प्रभावित हो गया। उसका कहना है कि उसका पति उसे घर में रहने नहीं दे रहा है। वह कहां रहे। उसे घर में रहने की इजाजत दी जाए। सूचना पर पहुंची पथरा थाना की पुलिस ने मनाने की कोशिश की लेकिन दोपहर में तो वह मान गई फिर शाम को सड़क पर बैठ गई।
सड़क जाम करने वाली महिला दो मार्च को अपने पति के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज करा चुकी है। इस मामले की पुलिस जांच कर रही है। पथरा थानाध्यक्ष राम कुमार राजभर ने बताया कि महिला अपने पति पर पहले मुकदमा दर्ज करा चुकी है। उसपर कार्रवाई की जा रही है।