📅 Published on: August 3, 2023
अभिषेक शुक्ला
इटवा। खुनियांव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर बुधवार को स्टेट लेवल से आई डब्लूएचओ की टीम ने क्षेत्र में चल रहे स्वास्थ्य कार्यक्रमों के बारे में जानकारी ली। इसके बाद देवभरिया गांव में आयोजित किशोर स्वास्थ्य दिवस में पहुंचकर कार्यक्रम की जमीनी हकीकत देखी। टीम ने किशोर व किशोरियों को शारीरिक, मानसिक के साथ सामाजिक बदलाव के बारे में जागरूक भी किया।
टीम में शामिल स्वाति, डॉ.पंतजली, डॉ.काजी नजाफुद्दीन व ममता ने पहले खुनियांव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचकर जायजा लिया। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कार्यक्रमों के बारे में जानकारी लेते हुए उसकी प्रगति भी जांची और देवभरिया गांव में आयोजित किशोर स्वास्थ्य दिवस में पहुंचकर कार्यक्रम का जमीनी हकीकत देखी। टीम ने किशोर और किशोरियों को शारीरिक, मानसिक के साथ सामाजिक बदलाव के बारे में जागरूक भी किया। बताया कि ऐसे बदलावों से घबराना नहीं चाहिए बल्कि पौष्टिक आहार लेना चाहिए।
कार्यक्रम में पोषण व मानसिक स्वास्थ्य के साथ अवसाद, सीखने की क्षमता, गर्भ धारण, गर्भ निरोधक साधन, गर्भपात, बाल विवाह के बारे में भी जानकारी दी गई। इस मौके पर डॉ.रजनीश पाठक, महेन्द्र कुमार, अरविंद त्रिपाठी, जगदीश कुमार, कंचन, पूनम, आरती, निर्मल, मीना, मोहन, रामपाल, सुनीता, मोनिका आदि मौजूद रहीं।