सिद्धार्थ नगर – तेज रफ़्तार बाइक का संतुलन बिगड़ने से दो युवकों की मौत से परिवार में छाया मातम

kapilvastupost 

शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर। गौरा बाजार से चिल्हिया जाने वाली सड़क पर परैया गांव के समीप रविवार की दोपहर एक बाइक पेड़ से टकरा गयी।

जिससे बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गयी। मृतकों में 27 साल के उमेश निवासी परसा बुर्जुग एवं 30 साल के बलराम शामिल है।

दुर्घटना की खबर मिलते ही मंगलगीतों की धुनों से गूंजने वाले घर में मातम छा गया और लोग सिसकियां भरते नजर आये। मिली जानकारी के मुताबिक उसका थाना क्षेत्र के ग्राम परसा बुर्जुग निवासी जैसू की पुत्री की शादी चार दिन पहले गनेशपुर गांव में हुई थी।

रविवार को उसका चौथ लेकर कुछ लोग जा रहे थे। उमेश और बलराम बाइक से गनेशपुर के लिए निकले थे। अभी दोनों परैया गांव के पास ही पहुंचे थे कि अचानक बाइक से उनका संतुलन बिगड़ गया और बाइक पेड़ से जा टकरायी।

दुर्घटना के समय रफ्तार इतनी तेज थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गये। बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गयी। इस दुर्घटना की खबर जैसे ही परसा बुर्जुग पहुंची, पूरे गांव में मातम पसर गया।

मंगलगीतों के स्थान पर महिलाओं के रोने चिल्लाने की आवाज सुनायी देने लगी। पुलिस ने दोनों युवकों के शवों को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।