ढेबरुवा थाना – बाइक चोरों का गिरोह सक्रिय , दुधवनिया गांव से उड़ाए स्प्लेंडर बाइक ,पुलिस ने नही दर्ज की सूचना

गुरु जी की कलम से

बढ़नी, सिद्धार्थनगर। ढेबरूआ थाना क्षेत्र में बाइक चोरों का गिरोह एक बार फिर तेजी से सक्रिय हो रहा है।

ग्राम पंचायत दुधवनिया बुजुर्ग के निवासी नफीस अहमद पुत्र रफीक अहमद ने ढेबरूआ थाने में शिकायती प्रार्थना पत्र दी है कि उनकी मोटरसाइकिल सुपर स्प्लेंडर गाड़ी नंबर यू पी 55 डी 0104 20 नवंबर 2024 को उनके घर से रात करीब 8 : 30 बजे चोरी हो गई।

चोरी के बाद काफी खोजबीन की गई, लेकिन गाड़ी का कोई पता नहीं चला।

मिली जानकारी के अनुसार नफीस अहमद ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए ढेबरुआ थाने पर दूसरे दिन तहरीर दी, लेकिन अब तक पुलिस ने न तो कोई रिपोर्ट दर्ज की है और न ही कोई कार्रवाई की है।

यह स्थिति सवाल खड़े करती है कि आखिर पुलिस क्यों रिपोर्ट दर्ज करने में देरी कर रही है।

गौरतलब है कि कुछ महीने पहले भी दुधवनिया बुजुर्ग गांव से एक पल्सर बाइक यू पी 55 एजे 7466 घर के बरामदे से चोरी हो गई थी। उसकी रिपोर्ट भी दर्ज नहीं की गई थी और अब तक बाइक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

इस तरह की घटनाओं पर पुलिस की निष्क्रियता से चोरों के हौसले बुलंद हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस प्रशासन को तुरंत रिपोर्ट दर्ज कर प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए ताकि चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।