📅 Published on: December 29, 2024
ए एस पी सिद्धार्थ ने मीडिया को बताया कि मामले कि छानबीन चल रही है पूछताछ के लिए एक युवक को हिरासत में लिया गया है |
महेन्द्र कुमार गौतम
शोहरतगढ़, ढेबरुआ थानान्तर्गत उतरौला गांव के पास परसा-महादेव बुजुर्ग रेलवे स्टेशन के बीच गोंडा-गोरखपुर रेलखंड पटरी के किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवती का क्षतविक्षत शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ढेबरुआ थानाक्षेत्र के औदही कलां गांव की रहने वाली अंजनी (20) पुत्री फूलचंद का शव शुक्रवार को क्षेत्र के उतरौला गांव के सामने गोंडा-गोरखपुर रेलखंड पर परसा-महादेव बुजुर्ग रेलवे स्टेशन के बीच संदिग्ध हाल में मिला। मृतका का एक हाथ व एक पैर कट गया था व गर्दन पर चोट के निशान थे।
जीआरपी ने सुबह साढ़े चार बजे ढेबरुआ एसओ संतोष कुमार सिंह को रेलवे ट्रैक के किनारे युवती की लाश होने की सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की।
इस दौरान घटनास्थल पर पहुंचे मृतका के पिता फूलचंद व मां दुर्गावती ने शव की शिनाख्त अपनी पुत्री अंजनी के रूप में की। ढेबरुआ थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।