विकास खंड बढ़नी – ग्राम पंचायत मटियार उर्फ भुतहवा व इमिलिया जुनूबी में लगा चौपाल, योजनाओं की जानकारी से वंचित रहे कई जिम्मेदार

गुरु जी की कलम से

बढ़नी, सिद्धार्थनगर। विकास खंड बढ़नी क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत मटियार उर्फ भुतहवा और इमिलिया जुनूबी में शुक्रवार को “गाँव की समस्या, गाँव में समाधान” अभियान के तहत ग्राम चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुँचाना था।

मटियार उर्फ भुतहवा में योजनाओं की विस्तृत जानकारी

ग्राम पंचायत मटियार उर्फ भुतहवा में आयोजित चौपाल कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत सचिव उदय प्रताप गौतम ने की। उन्होंने अटल पेंशन योजना, राशन कार्ड, वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन, आयुष्मान कार्ड, पीएम आवास योजना, मनरेगा, किसान सम्मान निधि, व्यक्तिगत शौचालय निर्माण, और युवाओं को रोजगार से जोड़ने वाली विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही, आयुष्मान कार्ड और परिवार कार्ड बनवाने पर विशेष जोर देते हुए, स्वच्छता और सरकारी लाभकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने की अपील की।

उपस्थित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि: पंचायत सचिव उदय प्रताप गौतम, ग्राम प्रधान चुल्हई, पंचायत सहायक श्याम जी, रोजगार सेवक कौशल कुमार यादव, आशा ममता देवी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लक्ष्मी चौधरी, शांति देवी, ममता, संगीता राव, मोनिका, राम लखन चौधरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

इमिलिया जुनूबी चौपाल में जिम्मेदार रहे नदारद

ग्राम पंचायत इमिलिया जुनूबी में आयोजित चौपाल की अध्यक्षता पंचायत सचिव दिलीप यादव ने की। उन्होंने ग्रामीणों को प्रधानमंत्री जन-धन योजना, मुद्रा योजना, अटल पेंशन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान आरोह फाउंडेशन के AFC अंबुज श्रीवास्तव ने बचत खाता खोलने और विभिन्न योजनाओं के लाभों पर प्रकाश डाला।

हालांकि, इस चौपाल में कई जिम्मेदार लोग नदारद रहे। मीडिया टीम ने जब गांव निवासी ओमप्रकाश गिरी से दी गई योजनाओं की जानकारी के बारे में सवाल किया, तो वह सही उत्तर नहीं दे सके। इतना ही नहीं, वे अपने गांव की आशा, पंचायत सहायक और पंचायत सचिव का नाम भी सही ढंग से नहीं बता पाए, जो ग्रामीणों में जागरूकता की कमी को दर्शाता है।

उपस्थित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि: पंचायत सचिव दिलीप कुमार यादव, ग्राम प्रधान पिताम्बर यादव, सफाई कर्मी श्याम सुंदर, पंचायत सहायक प्रतिभा, और ग्रामीण रामतीरथ, गब्बे, चैतू, भरोसे, बीरेंद्र, कौशल, ओमप्रकाश सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

बताते चलें कि ग्राम पंचायत चौपालों का उद्देश्य ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देना और उनके लाभ सुनिश्चित करना है। लेकिन जब स्वयं ग्रामीण ही जागरूक नहीं होंगे, तो इन योजनाओं का पूरा लाभ उठाना मुश्किल होगा। प्रशासन और पंचायत स्तर पर जागरूकता बढ़ाने के लिए और अधिक प्रयास करने की आवश्यकता है।