विधायक सैय्यदा खातून ने निभाई ज़िम्मेदारी, दमकल ट्रक देने की घोषणा — गेहूं की फसल में लगने वाली आग से राहत की उम्मीद

Kapilvastupost

डुमरियागंज। हर साल अप्रैल माह में जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में गेहूं की तैयार फसल में आग लगने की घटनाएं आम बात हो चुकी हैं। खेतों में उठती आग की लपटें किसानों की सालभर की मेहनत को चंद मिनटों में राख कर देती हैं, लेकिन अफसोस की बात यह रही कि जिले के पांचों विधायकों में से कोई भी इस गंभीर समस्या की ओर ठोस कदम नहीं उठा पाया।

इस बीच डुमरियागंज विधायक सैय्यदा खातून ने एक बार फिर अपने कर्तव्यनिष्ठ नेतृत्व का परिचय देते हुए सराहनीय पहल की है। उन्होंने विधायक निधि से डुमरियागंज फायर स्टेशन को एक आधुनिक दमकल ट्रक उपलब्ध कराने की घोषणा की है, जिसकी कीमत 38 लाख रुपये बताई गई है।

सपा नेता डॉ. जहीर अहमद मलिक ने जानकारी देते हुए बताया कि यह दमकल ट्रक क्षेत्र में आए दिन होने वाली आगजनी की घटनाओं पर त्वरित नियंत्रण के लिए अत्यंत सहायक सिद्ध होगा। खासकर गेहूं की फसल को सुरक्षित रखने में अब किसानों को राहत मिलेगी।

गौरतलब है कि विधायक सैय्यदा खातून इससे पहले भी संकट की घड़ी में आगे आ चुकी हैं। गत वर्ष जब बाढ़ ने तबाही मचाई थी, तब उन्होंने अपनी निधि से तहसील प्रशासन को पांच नावें उपलब्ध कराई थीं, जिससे सैकड़ों परिवारों को राहत मिली थी।

जहां एक ओर अन्य विधायक इस समय राजनीति और आरोप-प्रत्यारोप में व्यस्त नजर आ रहे हैं, वहीं सैय्यदा खातून का यह कदम क्षेत्र की जनता के बीच भरोसे की एक नई लौ जला रहा है। किसानों, मजदूरों और आम नागरिकों में यह उम्मीद जगी है कि यदि नेतृत्व में ईमानदारी और संवेदनशीलता हो, तो समस्याओं का समाधान संभव है।

क्षेत्र की जनता ने इस पहल की जमकर सराहना की है और उम्मीद जताई है कि अन्य जनप्रतिनिधि भी इससे प्रेरणा लेकर जनता की मूलभूत समस्याओं पर ध्यान देंगे।