जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा बैठक में दिए कड़े निर्देश, लापरवाही पर होगी कार्यवाही

गुरु जी की कलम से 

सिद्धार्थनगर, 21 अप्रैल 2025:
कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति (DHS) और स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा बैठक जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री जयेन्द्र कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में डॉ. राजा गणपति आर. ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि DHS की समस्त कार्यवाहियों को पोर्टल पर समय से फीड किया जाए। सभी एमओआईसी को निर्देशित किया गया कि वे वार रूम का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें तथा एनबीएसयू को 24 घंटे सक्रिय रखें ताकि गर्भवती महिलाओं को समय पर सहायता मिल सके।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि कम HRP (High Risk Pregnancy) वाली महिलाओं को चिन्हित कर विशेष निगरानी रखी जाए। वार रूम में डॉक्टरों व कर्मचारियों की रोस्टरवाइज ड्यूटी सुनिश्चित की जाए। साथ ही, कालिंग कम मिलने पर BCPM जोगिया का 15 दिन का वेतन काटने का आदेश भी दिया।

डॉ. राजा गणपति आर. ने मैटरनल व चाइल्ड डेथ की रिपोर्टिंग कम होने पर नाराजगी जताई और सटीक रिपोर्टिंग के निर्देश दिए। RCH पोर्टल पर सही डाटा फीडिंग सुनिश्चित करने के साथ चेतावनी दी गई कि लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्यवाही की जाएगी।

बैठक में परिवार नियोजन, जननी सुरक्षा योजना, टीकाकरण, प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान, ई-संजीवनी टेलीमेडिसिन, रोगी कल्याण समिति आदि विषयों पर भी विस्तार से समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने जोर दिया कि प्रसव केवल अस्पताल में हों, नवजात का वजन ठीक से लिया जाए और ASHA कार्यकर्ताओं को सभी जरूरी किट उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही सभी मेडिकल अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि मरीजों को परेशान न किया जाए और बाहर की दवाएं न लिखी जाएं।

बैठक में सीएमओ डॉ. रजत कुमार चौरसिया, सीएमएस डॉ. ए.के. झा, डॉ. संजय गुप्ता, डीटीओ, डीआईओ, डैम राजेश मिश्रा, डीसीपीएम सहित जिले के सभी एमओआईसी, बीपीएम व बीसीपीएम उपस्थित रहे।