44वें ऑल इंडिया वॉलीबॉल टूर्नामेंट के भव्य उद्घाटन मैच में एलपीएन दिल्ली ने जीता रोमांचक मुकाबला

गुरु जी की कलम से

सिद्धार्थनगर (बढ़नी): जागृति स्पोर्टिंग क्लब, बढ़नी द्वारा आयोजित तीन दिवसीय 44वें ऑल इंडिया वॉलीबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ इंडो-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र के रामलीला मैदान में धूमधाम से हुआ। उद्घाटन मैच में एलपीएन दिल्ली ने एसएसबी लखनऊ को 2-1 से हराकर शानदार जीत हासिल की।

रोमांच से भरा पहला मैच
पहले सेट में एलपीएन दिल्ली ने 25-20 से जीत दर्ज की, लेकिन एसएसबी लखनऊ ने दूसरे सेट में 25-20 से बराबरी कर ली। निर्णायक तीसरे सेट में जबरदस्त प्रतिस्पर्धा के बाद एलपीएन दिल्ली ने 31-29 से सेट जीतकर मैच पर विजय पाई। अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों हरनूर, कप्तान चेतन, रॉबिन, राहुल, सचिन, चंद्र प्रकाश और लैविश ने शानदार प्रदर्शन किया।

महिला वर्ग में वीबीएस गोरखपुर का दबदबा
दूसरे मैच में महिला वर्ग की वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज, गोरखपुर की टीम ने जागृति स्पोर्टिंग क्लब को एकतरफा मुकाबले में 25-3 और 25-8 से हराया।

गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ के महासचिव व हैंडबॉल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के कार्यकारी निदेशक डॉ. आनंदेश्वर पांडेय, कांग्रेस जिलाध्यक्ष काजी सुहेल अहमद, कृष्णनगर उद्योग वाणिज्य संघ के अध्यक्ष रितेश शर्मा, पीस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अयूब अहमद और जागृति स्पोर्टिंग क्लब के अध्यक्ष अकील अहमद उर्फ मुन्नू मौजूद रहे।

कल 23 अप्रैल को टूर्नामेंट में और भी रोमांचक मुकाबलों के होने की उम्मीद है, जिसमें देशभर की प्रतिभाएं अपना जौहर दिखाएंगी।