📅 Published on: April 29, 2025
Kapilvastupost
जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने सोमवार को खेसरहा ब्लॉक के कंचनपुर गांव मेंविभिन्न विकास कार्यों का औचक निरीक्षण किया। मनरेगा के तहत कराए गए इंटरलॉकिंग कार्यों की गुणवत्ता जांचते हुए डीएम ने नरेश के घर से जग्गा के घर तक और केवला देवी के घर से प्राथमिक विद्यालय तक बनाई गई सड़कों को खुदवाकर देखा। जांच में दोनों सड़कों की गुणवत्ता मानक से कम पाई गई, जिस पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी जताई।
खामियां मिलने पर डीएम ने तत्काल ग्राम पंचायत सचिव सतीश कुमार को निलंबित करने का आदेश दिया और एक सप्ताह के भीतर सड़कों को मानक के अनुरूप दोबारा बनवाने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान डॉ. राजा गणपति आर. ने कंचनपुर के सामुदायिक शौचालय का भी जायजा लिया। उन्होंने शौचालय को समय से खोलने, गांववासियों को इसके उपयोग के लिए प्रेरित करने तथा नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त, अन्नपूर्णा भवन का निरीक्षण करते हुए डीएम ने जिला पूर्ति अधिकारी को जल्द से जल्द भवन का हैंडओवर कराने और भविष्य में राशन वितरण यहीं से सुनिश्चित कराने का आदेश दिया। उचित दर की राशन दुकान पर भी निरीक्षण करते हुए उन्होंने ई-पास मशीन व स्टॉक रजिस्टर का मिलान किया और कोटेदार को निर्देशित किया कि लाभार्थियों को सही मात्रा में और समय पर राशन वितरण किया जाए।
निरीक्षण के दौरान खंड विकास अधिकारी खेसरहा समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। डीएम ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।