जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले के विरोध में शोहरतगढ़ में मुस्लिम समुदाय ने निकाला कैंडल मार्च, शहीद पर्यटकों को दी श्रद्धांजलि

कपिलवस्तुपोस्ट 

शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर | 29 अप्रैल 2025, 

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम क्षेत्र में हाल ही में हुए आतंकी हमले में निर्दोष पर्यटकों की निर्मम हत्या के विरोध में आज शोहरतगढ़ की जामा मस्जिद से एक शांतिपूर्ण कैंडल मार्च निकाला गया। इस मार्च का नेतृत्व जामा मस्जिद के सदर अल्ताफ हुसैन ने किया।

कैंडल मार्च में सैकड़ों मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भाग लिया और शहीद हुए निर्दोष पर्यटकों को ख़िराज-ए-अक़ीदत (श्रद्धांजलि) अर्पित की। यह मार्च जामा मस्जिद से शुरू होकर भारत माता चौक, पुलिस पिकेट, होते हुए गड़ाकुल स्थित तिरंगा तिराहे पर समाप्त हुआ।

मार्च के दौरान सभी लोगों के हाथों में मोमबत्तियां थीं और वे “आतंकवाद मुर्दाबाद”, “पाकिस्तान मुर्दाबबाद “ जैसे नारों के साथ शांति और एकता का संदेश दे रहे थे।

इस अवसर पर सदर अल्ताफ हुसैन ने कहा हम इस बर्बर आतंकी हमले की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। निर्दोष लोगों की हत्या मानवता पर हमला है। मुस्लिम समुदाय आतंकवाद के हर स्वरूप के खिलाफ है। हम देश के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं और उनके परिवारों के साथ हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की घटनाएं देश की एकता और भाईचारे को कमजोर नहीं कर सकतीं, बल्कि हमें और अधिक मजबूती से एकजुट करती हैं।

श्रद्धांजलि सभा करते हुवे डॉ मो सरफ़राज़ अंसारी ने कहा इस आतंकी हमले का मकसद देश में हिन्दू और मुसलमानों को लड़ाना भी था लेकिन सलाम है देश वासियों को इसे बुरी तरह से नाकाम कर दिया | देश को नुकसान पहुँचाने वाले आतंकियों को भारत सरकार कड़ी से कड़ी सजा दे |

नेता नवाब खान ने कहा देश में आतंकवाद की घटनाओं के बाद मुसलमानों के विश्वास का स्तर हर बार गिरता है हमारा मजहब मुल्क की सुरक्षा के लिए जान देना सिखाता है |

यह कैंडल मार्च  शांति, सद्भाव और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बनकर सामने आया, जहां सभी ने धर्म-जाति से ऊपर उठकर शहीदों को याद किया। इस दौरान हाफिज ऐजाज़ ,अहतेशाम, विजय वर्मा , फखरे आलम , इमरान ,नौशाद सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे |