त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र में चोरों का आतंक चार घरों को बनाया निशान नगदी सहित आठ लाख के जेवर पर किया हाथ साफ

रमेश कुमार

त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के भीटानानकार गांव में गुरुवार रात चोरों ने तांडव मचाते हुए चार घरों को निशाना बनाया। चोरों ने करीब सवा लाख रुपये नकद व करीब आठ लाख रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की वारदातों से गांव में दहशत का माहौल है।

पीड़ित मोहम्मद सलीम के अनुसार, उनके परिवार के सो जाने के बाद चोर घर के पीछे लगे चैनल गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे और अलमारी से एक लाख नकद व सोने के पांच तोले जेवर, दो जोड़ी पायल ले उड़े। पड़ोस में रहने वाले अब्दुल मन्नान के घर में चोर छत के रास्ते दाखिल हुए और कमरे में रखे बाक्स व कपाट से दस हजार रुपये नकद व लाखों के जेवरात चुरा लिए।

वहीं अमीरूलाह के घर से चोर बीस हजार रुपये नकद और दो जोड़ी पायल ले गए। चोरी के दौरान एक सूटकेस जीने से गिर पड़ा, जिसकी आवाज से घरवाले जागे और चोर भाग निकले। शोर सुनकर सलीम और मन्नान के घरवाले भी बाहर निकले, तो देखा कि उनके घरों के ताले टूटे हुए हैं और सामान बिखरा पड़ा है।

चोरों ने गांव के एक अन्य घर—श्रवण के मकान को भी निशाना बनाया, जहां उसकी पत्नी कुशलावती बच्चों के साथ रहती है। यहां से एक हजार रुपये नकद और दो जोड़ी पायल चुराए गए।

घटना की सूचना तत्काल 112 पीआरवी टीम को दी गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, लेकिन चोरों का सुराग नहीं लग पाया।

पुलिस जांच में जुटी
प्रभारी निरीक्षक त्रिलोकपुर मृत्युंजय पाठक ने बताया कि घटना की जानकारी उन्हें है, हालांकि अभी तक कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस अपने स्तर से जांच कर रही है।

ग्रामीणों की मांग
एक ही रात में चार घरों में चोरी की घटना से गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द मामले का खुलासा कर चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है।