📅 Published on: May 10, 2025
Nizam Ansari
कोतवाली लोटन क्षेत्र के नेतवर गांव में शुक्रवार को उस समय मातम पसर गया जब एक ही परिवार के दो सगे भाई कूड़ा नदी में नहाते समय डूबकर लापता हो गए। 18 वर्षीय जमाल अहमद और 16 वर्षीय शहीद उर्फ लाले महादेवा बाजार में मुर्गी सप्लाई कर लौट रहे थे। रास्ते में मोतियापुर के पास नदी में कपड़े साफ करने और नहाने के लिए उतरे, लेकिन गहरे पानी में समा गए।
घटना के बाद हड़कंप:
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। दोनों की बाइक और कपड़े नदी किनारे मिले, जिससे गांव में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने तुरंत सोशल मीडिया और पुलिस को जानकारी दी। कोतवाली लोटन पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों के सहयोग से खोजबीन में जुट गई है।
गांव में पसरा मातम:
दोनों भाइयों के लापता होने की खबर से गांव में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। देर शाम तक भी दोनों का कोई सुराग नहीं लग सका था। ग्रामीणों ने प्रशासन से गोताखोरों की मदद की मांग की है।