उतरौला: मेधावी छात्रों का हुआ सम्मान, हसीब खान ने फातिमा समेत कई प्रतिभाओं को किया प्रोत्साहित

Nizam Ansari 

बलरामपुर/उतरौला। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) परीक्षा 2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों और उनके अभिभावकों को सम्मानित करने हेतु गैड़ास बुजुर्ग स्थित जेबी इंटर कॉलेज धरमपुर में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित उतरौला विधानसभा के पूर्व सपा प्रत्याशी व वरिष्ठ समाजवादी नेता हसीब खान ने जिले की टॉपर सूची में आठवां स्थान प्राप्त करने वाली फातिमा को प्रशस्ति-पत्र, स्मृति चिन्ह और आर्थिक सहयोग प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने इस उपलब्धि को जिले के लिए गौरव की बात बताया और छात्रा को निरंतर प्रगति के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में विद्यालय के अन्य मेधावी छात्रों को भी मेडल, प्रशस्ति-पत्र व स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। हसीब खान ने कहा कि उतरौला क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में हो रही प्रगति जिले की एक नई पहचान बना रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रतिभाशाली छात्रों की सफलता दूसरों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

विशेष बात यह रही कि हसीब खान ने मेधावी छात्रों के अभिभावकों को भी अंग वस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया और उनकी भूमिका को सराहा।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य गयासुद्दीन खान, डॉ. हैदर अली खान, प्रधान अबू कमर, पूर्व प्रधान मसूद अहमद, अयोध्या प्रसाद, हाजी हसन, अब्दुल हफीज समेत अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का माहौल सराहनीय व प्रेरणादायी रहा।