बढ़नी (सिद्धार्थनगर): नगर पंचायत बढ़नी में महान महिला शासिका अहिल्या बाई होलकर की जन्मशती बड़े ही श्रद्धा और गरिमा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का नेतृत्व नगर पंचायत अध्यक्ष सुनील अग्रहरि ने किया। इस अवसर पर नगर के गणमान्य नागरिक, नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे भा ज पा के क्षेत्रीय अध्यक्ष शिवनाथ चौधरी ने कहा अहिल्या बाई होलकर जैसी महापुरुष महिला का जीवन हम सबके लिए एक प्रेरणा है।
उन्होंने नारी शक्ति, न्याय और धर्म का जो अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया, वह युगों तक स्मरणीय रहेगा।
आज की पीढ़ी को चाहिए कि वे उनके आदर्शों को अपनाएं और समाज में सकारात्मक योगदान दें।
हम नगर पंचायत बढ़नी को धन्यवाद देते हैं जिन्होंने ऐसा जागरूकता फैलाने वाला आयोजन किया।
इस तरह के कार्यक्रम समाज को अपने गौरवशाली इतिहास से जोड़ते हैं।
अहिल्या बाई ने न केवल धर्मस्थलों का निर्माण किया, बल्कि हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य किया।
उनका जीवन बताता है कि सच्चा नेतृत्व सेवा और समर्पण से आता है।
मैं सभी नागरिकों से अपील करता हूँ कि वे ऐसे महापुरुषों के विचारों को अपने जीवन में उतारें।
कार्यक्रम की शुरुआत अहिल्या बाई होलकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुई। अध्यक्ष सुनील अग्रहरि ने अपने संबोधन में कहा अहिल्या बाई होलकर भारतीय इतिहास की वह महान शासिका थीं, जिन्होंने जनकल्याण, न्याय और धर्म की सेवा को अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनका नेतृत्व और प्रशासनिक क्षमता आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत है। उन्होंने नारी सशक्तिकरण का जो आदर्श स्थापित किया, वह आज भी प्रासंगिक है।
इस अवसर पर वक्ताओं ने उनके द्वारा बनवाए गए मंदिरों, घाटों, धर्मशालाओं और सामाजिक कार्यों का उल्लेख करते हुए उनके योगदान को याद किया।
नगर पंचायत की ओर से सभी आगंतुकों को स्मृति चिन्ह और प्रसाद वितरित किया गया। वहीं महिला शक्ति को गर्व का अहसास कराने के लिए उन्हें साड़ी भेंट की गई।