हिंदी पत्रकारिता दिवस: जनता की आवाज़ से लेकर लोकतंत्र की नींव तक – एक गौरवशाली यात्रा

रमेश यादव

हर वर्ष 30 मई को हिंदी पत्रकारिता दिवस मनाया जाता है इसी क्रम में बढ़नी स्थित डाक बंगले पर बढ़नी क्षेत्र से पत्रकारिता कर रहे पत्रकारों द्वारा हिंदी गोष्ठी का आयोजन किया गए।

अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ पत्रकार परमात्मा उपाध्याय ने कहा यह दिन सिर्फ पत्रकारिता के इतिहास का ही नहीं, बल्कि भारतीय सामाजिक चेतना और जनसंवाद की क्रांति का प्रतीक भी है। यह अवसर हमें उस ऐतिहासिक पल की याद दिलाता है, जब 30 मई 1826 को कोलकाता से पंडित युगल किशोर शुक्ल ने हिंदी भाषा का पहला समाचार पत्र ‘ उदंत मार्तण्ड’ प्रकाशित कर एक नए युग की शुरुआत की थी।

उस समय अंग्रेजी और फारसी भाषाओं का बोलबाला था, लेकिन युगल किशोर शुक्ल जी ने जनभाषा में समाचार देने का साहसिक निर्णय लेकर यह सिद्ध कर दिया कि पत्रकारिता केवल सत्ता की सेवा नहीं, बल्कि समाज की सच्ची आवाज़ बन सकती है।

पत्रकारिता से जन-जागरूकता की ओर

‘उदन्त मार्तण्ड’ भले ही अल्पकालिक रहा, लेकिन उसने हिंदी पत्रकारिता की नींव रख दी। इसके बाद अनेक पत्र-पत्रिकाएं सामने आईं, जिन्होंने न केवल समाज के दबे-कुचले वर्गों की आवाज़ उठाई, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम को भी धार दी। हिंदी के पत्रकारों ने कलम को हथियार बनाकर अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ लड़ाई लड़ी।

‘अभ्युदय’, ‘हिंदी प्रदीप’, ‘कर्मवीर’, ‘प्रताप’ जैसे अखबारों ने भारतीय समाज को जागरूक किया और असंख्य युवाओं को आंदोलन की राह दिखाई।

आज की पत्रकारिता और लोकतंत्र की भूमिका

आज हिंदी पत्रकारिता छपे हुए अखबारों से लेकर डिजिटल प्लेटफॉर्म्स तक विस्तार पा चुकी है। ग्रामीण भारत से लेकर शहरों तक, गांव की पगडंडियों से लेकर संसद के गलियारों तक – हिंदी पत्रकारिता ने देश के हर कोने को जोड़ा है।

लोकतंत्र का चौथा स्तंभ माने जाने वाले मीडिया में हिंदी पत्रकारिता की भूमिका विशेष है – यह न केवल खबरों को आमजन तक पहुंचाती है, बल्कि सरकार की नीतियों और जनहित के बीच सेतु का कार्य भी करती है।

चुनौतियां और अपेक्षाएं

आज जब पत्रकारिता पर वाणिज्यिक दबाव, फेक न्यूज़ और पक्षपात जैसे आरोप लगते हैं, तब हिंदी पत्रकारिता से यह अपेक्षा और भी बढ़ जाती है कि वह जन सरोकारों, नैतिकता और निष्पक्षता को बनाए रखे।

बताते चलें कि हिंदी पत्रकारिता दिवस हमें इस बात की याद दिलाता है कि पत्रकारिता केवल पेशा नहीं, बल्कि एक मिशन है – जो समाज को सही दिशा देने, लोकतंत्र को जीवंत बनाए रखने और जनता की आवाज़ को बुलंद करने का कार्य करती है।

आज के दिन हम सभी को यह संकल्प लेना चाहिए कि हम सच्ची, निष्पक्ष और जनहितकारी पत्रकारिता को बढ़ावा देंगे और पंडित युगल किशोर शुक्ल की विरासत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।

इस दौरान परमात्मा उपाध्याय , सगीर ख़ाकसार , राजन श्रीवास्तव , शंभू मिश्रा, पवन पाठक , उजैर खान , विंध्याचल शुक्ला , पवन यादव , श्याम देव यादव , निजाम अंसारी , जफर सिद्दीकी , एम एन सलमान आदि उपस्थित रहे।