📅 Published on: May 31, 2025
Niyamtullah khan
जिले के बांसी कोतवाली क्षेत्र के पिपरा भैया गांव स्थित एनएच-28 पर शुक्रवार को एक कार और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। दुर्घटना इतनी भयंकर थी कि बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उसी रास्ते से गुजर रहे तहसीलदार पीयूष श्रीवास्तव ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचवाया और एक उदाहरणीय मानवता की मिसाल पेश की।
तीन घायल, दो की हालत नाजुक
हादसे में अंगद पुत्र राजमन (30 वर्ष) और किशन पुत्र पिंटू (19 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों युवक बांसी कोतवाली क्षेत्र के ग्रामसभा सिकटा के टोला मध्यनगर के निवासी हैं। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों की हालत नाजुक बताते हुए उन्हें रेफर कर दिया।
वहीं कार चालक की पहचान ब्लॉक बांसी के नगवा गांव निवासी के रूप में हुई है, जिसे मामूली चोटें आई हैं।
प्रशासन की तत्परता और पुलिस कार्रवाई
हादसे की सूचना मिलते ही बांसी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और कार व बाइक को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। तहसीलदार द्वारा घायलों को अस्पताल पहुंचाने की पहल की स्थानीय लोगों ने खूब सराहना की।