📅 Published on: June 1, 2025
गुरु जी की कलम से
बढ़नी, सिद्धार्थनगर। ढेबरुआ थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मलगहिया बॉर्डर रोड पर एक दर्दनाक हादसे में एसएसबी 50वीं वाहिनी के जवान मनोज कुमार यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना उस समय हुई जब वे अपनी ड्यूटी पूरी कर मलगहिया कैंप की ओर लौट रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नेपाल की ओर से तेज रफ्तार में आ रही मोटरसाइकिल ने पीछे से जवान को जोरदार टक्कर मार दी। मोटरसाइकिल चला रहा युवक मलगहिया गांव के मिश्रौलिया निवासी दिनेश यादव पुत्र शिव प्रसाद यादव बताया जा रहा है।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एसएसबी जवान मनोज कुमार यादव सड़क पर गिर पड़े और उन्हें गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत देखते हुए डॉक्टरों ने माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज, सिद्धार्थनगर के लिए रेफर कर दिया।
इस संबंध में ढेबरुआ थाना अध्यक्ष गौरव सिंह ने बताया कि मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है।