📅 Published on: June 4, 2025
Nizam Ansari
सिद्धार्थनगर थाना क्षेत्र के बर्डपुर नंबर 13 के टोला वजीराबाद में शनिवार की शाम एक दर्दनाक हादसे में 30 वर्षीय महिला प्रमिला देवी की जलकर मौत हो गई। यह घटना शाम करीब 5 बजे उस वक्त हुई, जब अज्ञात कारणों से सुनील गुप्ता के घर में आग लग गई।
घर में आग लगते ही परिवार के अन्य सदस्य किसी तरह बाहर निकल आए, लेकिन प्रमिला देवी आग की लपटों में फंस गईं। स्थानीय ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन भीषण लपटों के चलते कोई भी उन्हें बचा नहीं सका। प्रमिला देवी अंदर से मदद की गुहार लगाती रहीं, पर आग की विकरालता ने उनकी जान ले ली।
कुछ समय बाद जब आग पर काबू पाया गया, तो ग्रामीणों ने मकान के अंदर जाकर देखा—प्रमिला का झुलसा हुआ शव पड़ा था। घर का सारा सामान भी जलकर राख हो गया।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
सीओ सदर मयंक द्विवेदी ने बताया कि प्राथमिक जांच में आग से जलने के कारण महिला की मृत्यु की पुष्टि हुई है।
घटना के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा है, और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।