डीजे लदे वाहन की पोल से टक्कर, पिता की मौत – बेटा समेत तीन गंभीर घायल

Nizam Ansari 

डुमरियागंज क्षेत्र के भगवानपुर गांव के पास मंगलवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। बारात से लौटते समय डीजे लदा एक वाहन अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से टकरा गया, जिसमें परसा गांव निवासी एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका बेटा सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज बस्ती जिला अस्पताल में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, डुमरियागंज थाना क्षेत्र के कूंड़ी गांव से भवानीगंज थाना क्षेत्र के भानपुररानी में एक बारात गई थी। बारात में शामिल होने के बाद परसा गांव निवासी दिलीप कुमार (45) पुत्र हरिद्वार, उनका बेटा शिवम (14) और कूंड़ी गांव निवासी मोहन (24) पुत्र पल्टू डीजे लदे वाहन से जल्दी घर लौट रहे थे। वाहन जैसे ही भगवानपुर गांव के पास पहुंचा, अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि पोल टूट गया और वाहन में रखे डीजे साउंड सिस्टम, जनरेटर आदि गिरने से सवार लोग दब गए।

हादसे में दिलीप कुमार का सिर पोल से टकरा गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शिवम को सिर में गहरी चोटें आईं और उसका दायां हाथ टूट गया, वहीं मोहन को रीढ़ की हड्डी और पेट में गंभीर चोटें आईं। वाहन चला रहा सचिन (22) भी घायल हो गया।

स्थानीय लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर पुलिस व परिजनों को सूचना दी। घायलों को पहले बेंवा अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने दिलीप को मृत घोषित कर दिया और अन्य घायलों को बस्ती जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

प्रभारी निरीक्षक श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।