सिद्धार्थनगर, 14 जुलाई 2025।
वाराणसी के सिगरा थाने में उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय एवं 10 अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दर्ज फर्जी मुकदमे को वापस लेने की मांग को लेकर सिद्धार्थनगर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को इटवा तहसील परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिला अध्यक्ष काज़ी सुहेल अहमद के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी इटवा को सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस प्रदेश सचिव डॉ. नादिर सलाम एवं जिला अध्यक्ष काज़ी सुहेल अहमद ने कहा कि 10 जुलाई को अजय राय के नेतृत्व में जलभराव, सीवर संकट और कांवर यात्रियों की समस्याओं को लेकर “पोल खोल पदयात्रा” निकाली जा रही थी। लेकिन योगी सरकार ने जनहित के मुद्दों को उठाने पर उल्टा कांग्रेस नेताओं पर फर्जी मुकदमा दर्ज कर दिया, जो लोकतंत्र का गला घोंटने जैसा है।
पूर्व जिला अध्यक्ष ठाकुर प्रसाद तिवारी एवं जिला उपाध्यक्ष जावेद मुकीम ने आरोप लगाया कि काशी जैसे पवित्र धार्मिक शहर में श्रद्धालु मूलभूत सुविधाओं के लिए भी तरस रहे हैं। जब कांग्रेस ने इन मुद्दों पर आवाज उठाई, तो दमनात्मक कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर दिया गया।
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस ऐसे अलोकतांत्रिक कृत्य का पुरजोर विरोध करती है और मांग करती है कि सभी मुकदमे तत्काल प्रभाव से वापस लिए जाएं।
प्रदर्शन में प्रमुख रूप से मैनुद्दीन, सतीश चंद्र त्रिपाठी, रियाज़ मनीहार, ऋषिकेश मिश्रा, अफसार अहमद, शकील अहमद, मुस्तकीम खान, महबूब आलम, मास्टर फूलचंद, प्रेम तिवारी, शमशाद अहमद, नफीस चौधरी, महफूज चौधरी, गौचरण यादव, कायर प्रधान, दिवाकर त्रिपाठी, डॉ. प्रमोद कुमार, अर्जुन कनौजिया, अब्दुल समद, उमेर अहमद, रितेश त्रिपाठी सहित सैकड़ों कांग्रेसजन शामिल रहे।