शादी के दो महीने बाद ही बुझ गया सुनील का जीवन दीपक, मुंबई रेलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत मिला शव

kapilvastupost

सिद्धार्थनगर/मुंबई।
लोटन कोतवाली क्षेत्र के कौलपुर ग्रांट के टोला मैनहवा निवासी 25 वर्षीय युवक सुनील राजभर की लापता होने के एक सप्ताह बाद रविवार देर शाम मुंबई के कुर्ला क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर क्षतविक्षत शव मिलने से सनसनी फैल गई। सुनील बीते शनिवार रात से लापता था।

जानकारी के अनुसार, सुनील राजभर पुत्र भागीरथी राजभर मुंबई के चूना भट्ठी कुर्ला इलाके में ग्रेनाइट मार्बल की एक कंपनी में काम करता था और वहीं रहता भी था। उसका छोटा भाई सुजीत राजभर भी मुंबई में ही काम करता है। बीते शनिवार रात साढ़े आठ बजे सुनील किसी व्यक्ति से फोन पर बात कर रहा था, इस दौरान विवाद भी हो रहा था। बात करते हुए वह कंपनी से बाहर चला गया और तभी से लापता हो गया।

परिजनों की तलाश और थाने में गुमशुदगी दर्ज कराने के बावजूद सुनील का कोई सुराग नहीं मिल पाया। लेकिन 13 जुलाई को कुर्ला पुलिस ने सुजीत राजभर को फोन कर बताया कि कुर्ला और शाइन रेलवे ट्रैक के बीच एक अज्ञात शव मिला है, जिसकी पहचान सुनील के रूप में हुई है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मृतक का भाई शव लेकर गांव के लिए रवाना हो चुका है। सुनील की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। सुनील की पत्नी का रो-रो कर बुरा हाल है। बार-बार बेहोश हो जा रही है और होश में आते ही पति को पुकारती हुई बिलख उठती है।

बताते चलें कि सुनील की शादी अभी दो महीने पहले 17 मई को ही हुई थी। जीवन की नई शुरुआत कर रहे दंपत्ति के सपने एक झटके में बिखर गए। सुनील की असमय मृत्यु से गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है।

काल्पनिक फोटो

error: Content is protected !!
07:22