📅 Published on: July 17, 2025
आने वाले वर्षों में दस हजार पेड़ लगाने का रोडमैप तैयार है जिससे पर्यावरण की शुद्धता और एक जंगल का अनुभव देने के लिए तैयार
निजाम अंसारी । सिद्धार्थनगर।
पर्यावरण संरक्षण और मातृत्व के सम्मान को एक साथ जोड़ने वाला “एक पेड़ मां के नाम” अभियान जनपद सिद्धार्थनगर में नई ऊर्जा के साथ शुरू हुआ। जिले के चंद्रावती कॉलेज ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज,नौगढ़ उसका रोड, पकड़ी चौराहा, मधवापुर उस्का रोड परिसर में इस अभियान का आयोजन कॉलेज के संस्थापक डॉ. चंद्रेश उपाध्याय के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर लगभग 500 पौधों का रोपण कर एक अनुकरणीय संदेश दिया गया।
डॉ. चंद्रेश उपाध्याय ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य केवल पेड़ लगाना ही नहीं उसे जिंदा भी रखना है । हरियाली बढ़ाने और प्रकृति में वायु की शुद्धता के साथ ही माताओं के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त करना भी है। उन्होंने कहा, “जिस प्रकार एक मां जीवन देती है, ठीक उसी प्रकार एक पेड़ भी जीवनदायिनी है। इस विचार से प्रेरित होकर हमने इस मुहिम की शुरुआत की है।”
बताते चलें कि डॉ. चंद्रेश जिले के प्रतिष्ठित वरिष्ठ चिकित्सक एवं शिक्षाविद् हैं, बल्कि उनकी छवि एक धार्मिक, सामाजिक एवं व्यावहारिक व्यक्ति के रूप में भी स्थापित है। वे समाज में जागरूकता और सकारात्मकता फैलाने के लिए निरंतर सक्रिय रहते हैं। उन्होंने बताया कि “एक पेड़ मां के नाम 2.0” अभियान के तहत यह परंपरा और आगे बढ़ेगी, जिसमें लोग न केवल अपनी मां के नाम पर पौधारोपण करेंगे, बल्कि धरती मां की रक्षा का संकल्प भी लेंगे।
कार्यक्रम में कॉलेज के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी को निभाने का संकल्प लिया।
यह अभियान केवल पौधारोपण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि संस्कार, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रतीक बन गया है, जो भविष्य में जनपद सिद्धार्थनगर को हरियाली और मानवता दोनों की दृष्टि से समृद्ध करेगा।