📅 Published on: July 18, 2025
गुरु जी की कलम से
बढ़नी कस्बे में प्रतिष्ठित दवा कारोबारी मदन मोहन अग्रवाल और उनकी पत्नी मंजू अग्रवाल की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। कमरे में खून से लथपथ दोनों की लाशें मिलने के बाद यह मामला भले ही प्रथम दृष्टया आत्महत्या का प्रतीत होता हो, लेकिन घटनास्थल से जुड़े कई अहम सवाल हैं, जो इसे एक रहस्यमय हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं।
🔍 सीजर ब्लेड पर उंगलियों के निशान किसके हैं?
पुलिस को घटनास्थल से एक सीजर ब्लेड मिला है, जिससे महिला का गला रेतने की बात कही जा रही है। सवाल यह है कि ब्लेड पर किसके फिंगरप्रिंट मिले हैं? क्या ये मदन मोहन अग्रवाल के हैं या किसी और के? यदि आत्महत्या की बात सामने आती है, तो उंगलियों के निशान साफ-साफ यह बता सकते हैं कि ब्लेड का इस्तेमाल किसने किया। पुलिस ने अभी तक इस दिशा में कोई ठोस जानकारी साझा नहीं की है।
⏰ पति-पत्नी की मौत में 1 घंटे से ज्यादा का अंतर क्यों?
घटनास्थल से प्राप्त प्राथमिक जानकारी के अनुसार, पत्नी अंजू अग्रवाल की गला काटकर हत्या पहले की गई, जबकि मदन मोहन अग्रवाल की मौत बाद में हुई। यदि यह आत्महत्या है, तो दोनों की मृत्यु लगभग एक साथ या थोड़े अंतराल पर होनी चाहिए थी। लेकिन जब एक घंटे से ज्यादा का अंतर स्पष्ट हो रहा है, तो यह संदेह को जन्म देता है कि कहीं किसी तीसरे व्यक्ति की भूमिका तो नहीं?
📝 क्या सुसाइड नोट मदन मोहन की लिखावट में है?
पुलिस ने मौके से एक सुसाइड नोट बरामद किया है, जिसमें आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव की बातें लिखी गई हैं। लेकिन क्या यह नोट वाकई मदन मोहन अग्रवाल की अपनी हैंडराइटिंग में लिखा गया है? क्या हैंडराइटिंग का मिलान कराया गया? यदि यह किसी और की लिखावट में है, तो मामला पूरी तरह से हत्या की ओर मुड़ता नजर आता है। फोरेंसिक टीम से इस नोट की गहराई से जांच कराना आवश्यक है।
📌 कई और सवाल जो जांच की मांग करते हैं:
घर के बाहर और अंदर और मोहल्ले में लगे सीसीटीवी कैमरों में कोई संदिग्ध मूवमेंट कैद हुआ क्या?
जिस आर्थिक तनाव का जिक्र सुसाइड नोट में है, क्या उसका कोई प्रमाण मौजूद है?
बेटे राहुल अग्रवाल की मौजूदगी और बयान कितने सटीक हैं? क्या वो घटनाक्रम से पहले और बाद में किसी से संपर्क में था?
बताते चलें कि मामले की गंभीरता को देखते हुए यह जरूरी हो गया है कि पुलिस सुसाइड की थ्योरी को अंतिम रूप देने से पहले सभी पहलुओं की निष्पक्ष और वैज्ञानिक जांच कराए। वरना यह घटना एक सोची-समझी साजिश बनकर रह जाएगी।
पति पत्नी का बीमा कवर तो मामले की जड़ नहीं
मृतक मदन मोहन अग्रवाल और उनकी पत्नी अंजू अग्रवाल ने लाखों रुपये का जीवन बीमा कराया था।
बीमा राशि को लेकर अब परिवार और जांच एजेंसियों की नजर बनी हुई है।
यह भी जांच का विषय है कि कहीं बीमा राशि के लाभ के लिए यह साजिशन हत्या तो नहीं की गई।