एक साल पुरानी सड़क पर PWD ने किया 32 लाख का फर्जी भुगतान, DM ने कार्रवाई के लिए लिखा पत्र

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर। भ्रष्टाचार की हद पार करते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) ने ऐसा कारनामा किया है जिससे सरकारी धन के दुरुपयोग की कलई खुल गई है। पीडब्ल्यूडी ने जिस सड़क को एक साल पहले ही ग्रामीण अभियंत्रण सेवा (RES) ने बनवाया था, उसी सड़क की दोबारा मरम्मत कराकर ₹32,69,783 का अनियमित भुगतान कर डाला।

जिला अधिकारी डॉ. राजा गणपति आर की सतर्कता से इस घोटाले का पर्दाफाश हुआ। उन्होंने पूरे प्रकरण की जांच के लिए दो सदस्यीय समिति गठित की, जिसमें अधिशासी अभियंता ड्रेनेज खंड व एसडीएम डुमरियागंज को शामिल किया गया। जांच में पुष्टि हुई कि पीडब्ल्यूडी ने बिना वैध आवश्यकता के मरम्मत कार्य दिखाकर बड़ा वित्तीय खेल किया है।

मामला बर्डपुर-अलीगढ़वा मार्ग से सिसवा-जमुआर नहर पटरी मार्ग का है, जिसे RES द्वारा 15 दिसंबर 2022 को कराए गए अनुबंध के तहत निर्माण कराया गया था। इसके बावजूद 22 फरवरी 2023 को इसी मार्ग पर अनुबंध संख्या 171 SE-54C बस्ती बृत्त 2023-24 के तहत पीडब्ल्यूडी ने मरम्मत कर ₹32.69 लाख का भुगतान कर दिया, जबकि यह सड़क अभी पंचवर्षीय अनुरक्षण योजना के अंतर्गत थी।

जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद डीएम ने पूरे प्रकरण की रिपोर्ट प्रमुख सचिव, लोक निर्माण विभाग को भेज दी है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की संस्तुति की है। अब पूरे विभाग में हड़कंप मच गया है और संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की तलवार लटक रही है।

काल्पनिक फोटो