बलरामपुर – पचपेड़वा स्थित विमला विक्रम अस्पताल में महिला के साथ दुष्कर्म: बेहोशी का इंजेक्शन लगाकर की दरिंदों वाली हरकत, आरोपी नर्सिंग स्टाफ गिरफ्तार

प्रशासन ने अस्पताल प्रबंधन से भी मांगा जवाब, निजी अस्पतालों की निगरानी बढ़ाई गई।

kapilvastupost 

पचपेड़वा/बलरामपुर। जिले के पचपेड़वा क़स्बा स्थित विमला विक्रम अस्पताल में इलाज कराने गई एक महिला के साथ अस्पताल कर्मचारी द्वारा दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी नर्सिंग स्टाफ योगेश पांडेय को 48 घंटे के भीतर भाथर पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया है।

घटना 25 जुलाई की बताई जा रही है। महिला ने पुलिस को बताया कि तबीयत खराब होने पर वह अस्पताल में भर्ती हुई थी। रात करीब भोर चार बजे अस्पताल कर्मचारी योगेश पांडेय ने उसे बेहोशी का इंजेक्शन दिया, जिससे वह कुछ देर के लिए अचेत हो गई। इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला की आंख खुलने पर वह भाग निकला।

पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देश पर विशेष टीम का गठन कर आरोपी की तलाश की गई। पचपेड़वा थाने के प्रभारी निरीक्षक ओपी सिंह चौहान ने बताया कि आरोपी योगेश पांडेय मध्यनगर भैंसहवा गांव का निवासी है और उसी अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ के पद पर कार्यरत था।

प्रभारी निरीक्षक के अनुसार, आरोपी ने घटना की रात महिला के परिवार और अन्य लोगों को इमरजेंसी वार्ड से बाहर कर दिया था। इसके बाद उसने घटना को अंजाम दिया। फिलहाल, आरोपी जेल भेजा गया है और मामले की जांच जारी है।