बलरामपुर: बस चालकों की मनमानी से जाम में फंसी जनता, समाधान दिवस पर उठी आवाज

kapilvastupost 

बलरामपुर जनपद के उतरौला तहसील क्षेत्र में श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौराहे पर जाम की गंभीर समस्या से आमजन त्रस्त हैं। इस समस्या को लेकर स्थानीय नागरिकों ने संपूर्ण समाधान दिवस पर उपजिलाधिकारी उतरौला अभय सिंह को प्रार्थना पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की।

बताते चलें कि उत्तर प्रदेश परिवहन की बसें तथा डग्गामार वाहन निर्धारित बस स्टेशन की बजाय रजा मस्जिद के सामने मुख्य सड़क की पटरी पर मनमाने ढंग से खड़े होकर यात्रियों को भरते हैं। इससे न केवल चौराहे पर जाम की स्थिति बनी रहती है, बल्कि राहगीरों, नमाजियों, दुकानदारों और ग्राहकों को भी भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि करोड़ों रुपये की लागत से बना बस स्टेशन वीरान पड़ा है क्योंकि बस चालक और परिचालक अपनी सुविधा से सड़क पर ही सवारियाँ भरकर निकल जाते हैं। इस वजह से आए दिन जाम, दुर्घटनाओं और आम जनमानस को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

इस जनसमस्या को लेकर अब्दुल लतीफ, शाहिद रजा, मोहम्मद शफीक, शमशाद अहमद, संतोष कुमार, सोनू, साजिद अली, शकील अहमद एडवोकेट, साद अशरफ एडवोकेट समेत दर्जनों नागरिकों ने उपजिलाधिकारी से हस्तक्षेप की मांग की।

उपजिलाधिकारी अभय सिंह ने मौके पर ही उचित कार्यवाही का भरोसा दिलाया और आश्वस्त किया कि जनहित में समस्या का समाधान जल्द कराया जाएगा।

जनता की मांग है कि परिवहन विभाग और प्रशासन मिलकर चौराहे की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करें ताकि जाम, दुर्घटनाएं और अव्यवस्था पर रोक लगाई जा सके।