नेपाल से मक्का तस्करी का भंडाफोड़: कार समेत 375 किलो विदेशी मक्का जब्त, एक गिरफ्तार

गुरु जी की कलम से

बढ़नी, सिद्धार्थनगर।
एसएसबी 50वीं वाहिनी के समवाय मलगहिया ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मडनी गांव के पास नेपाल से लाई जा रही तस्करी की मक्का से लदी कार को पकड़ लिया। कार से 15 बैग — कुल 375 किलो थर्ड कंट्री (नेपाल) का मक्का बरामद हुआ है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर माल व वाहन सहित कस्टम विभाग, बढ़नी को सुपुर्द कर दिया गया।

इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद, समवाय मलगहिया, ने जानकारी देते हुए बताया कि एक कार बढ़नी से बलरामपुर की ओर जा रही थी, जिसमें तस्करी का मक्का लादा गया था। खुफिया सूचना के आधार पर नेशनल हाईवे 730 पर नाकाबंदी कर उक्त वाहन को रोका गया। जांच में कार से भारी मात्रा में विदेशी मक्का पाया गया।

पूछताछ में वाहन चालक ने अपना नाम भगवान दास (उम्र 54 वर्ष), निवासी नगर पंचायत बढ़नी, थाना ढेबरुआ बताया। जब मक्के के वैध कागजात मांगे गए तो वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

इसके बाद एसएसबी टीम ने मक्का, कार और अभियुक्त को आगे की कार्रवाई हेतु कस्टम कार्यालय बढ़नी के सुपुर्द कर दिया।