बुजुर्ग की हत्या कर शव को भट्ठे में छिपाया, 24 घंटे में पुलिस ने किया सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा

मोहाना थाना क्षेत्र के बर्डपुर नंबर-4 की घटना, मृतक का बेटा और बहू गिरफ्तार

गुरु जी की कलम से

सिद्धार्थनगर, 07 अगस्त 2025:
थाना मोहाना क्षेत्र के ग्राम बर्डपुर नं0-04 टोला निरंजनपुर में बुजुर्ग की हत्या कर शव को ईंटों से ढंककर छिपा देने की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्यारोपी पुत्र और बहू को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा (आला कत्ल) भी बरामद कर लिया है।

क्या है मामला?

दिनांक 06 अगस्त की सुबह मोहाना पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम बर्डपुर नं0-04 के ईंट भट्ठे पर तैनात 75 वर्षीय बुजुर्ग सुकई गौड़ की हत्या कर शव को भट्ठे में छिपा दिया गया है। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने घटना स्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और अज्ञात के विरुद्ध मामला पंजीकृत किया।

ऐसे हुआ खुलासा

पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद तथा क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत शौर्य की निगरानी में थानाध्यक्ष रोहित उपाध्याय और जनपदीय एसओजी की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने वैज्ञानिक व इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर 24 घंटे के भीतर मृतक के पुत्र योगेन्द्र (34) और बहू किसलावती (31) को हरैया जंगल पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया।

हत्या की वजह

पूछताछ में आरोपी योगेन्द्र ने बताया कि उसका पिता सुकई गौड़ शराब का आदी था और बार-बार जमीन बेचकर पैसे उड़ा देता था। जब उसे पता चला कि पिता फिर जमीन बेचने वाला है तो उसने विरोध किया, लेकिन बात नहीं बनी। इसी विवाद के चलते 5 अगस्त की रात वह पत्नी किसलावती के साथ ईंट भट्ठे पर गया जहां उसके पिता सो रहे थे। वहीं डंडे से सिर पर वार कर हत्या कर दी, फिर गला दबाया और शव को ईंटों में छिपा दिया।

गिरफ्तार आरोपी

1. योगेन्द्र पुत्र सुकई गौड़, निवासी बर्डपुर नं0-04, उम्र 34 वर्ष

2. किसलावती पत्नी योगेन्द्र, उम्र 31 वर्ष

बरामदगी

एक अदद बांस का डंडा (आला कत्ल)

पुलिस टीम को सराहना

इस सनसनीखेज हत्याकांड के पर्दाफाश में निम्न अधिकारियों व कर्मियों की भूमिका रही:

रोहित उपाध्याय (थानाध्यक्ष, मोहाना) जीवन त्रिपाठी (प्रभारी, एसओजी)

उ0नि0 रतीश चंचल पाण्डेय, बिरेन्द्र यादव मुख्य आरक्षी: राजीव शुक्ला, दिलीप कुमार आरक्षी, वीरेन्द्र तिवारी, रोहित चौहान, सत्येन्द्र यादव, सौरभ कुमार, रोहित यादव, अरविंद चौहान, महिला आरक्षी: रोमी तिवारी ।