📅 Published on: August 17, 2025
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। थाना से महज कुछ कदमों की दूरी पर स्वतंत्रता दिवस के दिन चोरों ने बड़ा वारदात कर दिया। शहर के सिविल लाइंस मोहल्ले में बंद घर का ताला तोड़कर चोर 50 हजार रुपये नकद व लाखों के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, सिविल लाइंस निवासी मधुर श्याम त्रिपाठी पुत्र बलराम त्रिपाठी 13 अगस्त की शाम परिवार संग पैतृक गांव सरोथर कठौतिया (थाना त्रिलोकपुर) पूजा के लिए गए थे। 15 अगस्त की शाम जब परिवार लौटा तो दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर पहुंचने पर आलमारी खुली पड़ी थी और उसमें रखा सारा सामान गायब था।
चोरों ने घर से दो सोने के हार, एक रानी हार, पांच सोने की चेन, 10 सोने की अंगूठियां, दो हीरे की अंगूठियां, सोने की नथिया-बिदिया, चूड़ियां, 10 चांदी के सिक्के, कमरबंद, पायल समेत करीब एक किलो चांदी और 50 हजार रुपये नगदी चोरी कर लिए।
पीड़ित ने सिद्धार्थनगर थाने में तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई है। थानाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद ने बताया कि तहरीर मिली है, जांच कर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।