📅 Published on: August 23, 2025
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उ0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर 21 अगस्त 2025 को जिला मुख्यालय पर मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण (MACT) की अध्यक्षता में प्री-ट्रायल बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता माननीय श्री अरविन्द राय, पीठासीन अधिकारी, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण, सिद्धार्थनगर ने की। बैठक का उद्देश्य आगामी 13 सितम्बर 2025 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में मोटर दुर्घटना से संबंधित अधिक से अधिक क्लेम पेटिशन मामलों का निस्तारण सुनिश्चित करना रहा।
बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री शैलेन्द्र नाथ सहित अधिवक्तागण – श्री सम्पूर्णानन्द बक्शी, श्री असगर अली, श्री इजहार अली, श्री नफीस हैदर रिजवी, श्री सिराज तारिक, श्री राम प्रकाश धर द्विवेदी, श्री प्रभाकर गुप्ता, श्री मकसूद अली अंसारी, विनय चन्द्र मिश्र, अनिल कुमार त्रिपाठी, श्री शहंशाह, श्री मो० शमीम अंसारी, प्रमोद कुमार चौरसिया, श्री सरफराज मलिक, दिलीप कुमार श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे। इसके अलावा संबंधित पक्षकार, बीमा कंपनी प्रतिनिधि तथा दोनों कार्यालयों के कर्मचारीगण भी शामिल हुए।
बैठक में माननीय श्री अरविन्द राय ने कहा कि लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य न्यायिक प्रक्रिया को सरल, सुलभ और त्वरित बनाना है। मोटर दुर्घटना मामलों में प्री-ट्रायल मीटिंग विवादों को आपसी सहमति से सुलझाने का महत्वपूर्ण अवसर देती है। इससे न केवल पीड़ितों को शीघ्र मुआवजा मिल सकता है बल्कि सभी पक्षों का समय और धन भी बचता है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री शैलेन्द्र नाथ ने कहा कि संस्था का लक्ष्य है कि पीड़ितों को शीघ्र और सुलभ न्याय मिले। मोटर दुर्घटना मामलों में समय पर मुआवजा न केवल पीड़ित परिवार के लिए राहत है बल्कि यह पक्षकारों के बीच सकारात्मक संवाद की नींव भी रखता है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 13 सितम्बर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में मोटर दुर्घटना से संबंधित अधिक से अधिक क्लेम याचिकाओं को निस्तारित कराया जाएगा। इसके लिए अधिवक्ताओं और बीमा कंपनी के प्रतिनिधियों से सहयोग की अपील की गई।