इटवा: एक ही रात में पाँच घरों में लाखों की चोरी, पुलिस गश्त पर उठे सवाल

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर, उत्तर प्रदेश: इटवा थाना क्षेत्र के चौखड़ा गाँव में गुरुवार की रात चोरों ने एक साथ पाँच घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चुरा लिए। एक ही रात में इतनी बड़ी चोरी की घटना से स्थानीय पुलिस की कार्यशैली और रात्रि गश्त पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं, वहीं पूरे गाँव में दहशत का माहौल है।

​चोरी का पहला मामला राजू उर्फ मो. अहसान के घर से सामने आया। उन्होंने बताया कि सुबह जगने पर उन्होंने देखा कि घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था और तीन जोड़ी पायल के साथ ₹26,000 नकद गायब थे। उन्हें शक है कि चोर छत के रास्ते घर में घुसे थे।

​उसी रात चोरों ने अब्दुल आखिर के घर को भी निशाना बनाया। अब्दुल ने बताया कि चोर छत के कमरे में लगे लोहे के जंगले को निकालकर घर में घुसे और करीब तीन लाख रुपये के जेवरात लेकर फरार हो गए।

​इसके अलावा, अब्दुल हई के घर से सोने का झाला और ₹5,000 नकद चोरी होने की बात सामने आई है। इसी गाँव की सावित्री पत्नी शिवकुमार के घर में भी छत के रास्ते घुसे चोरों ने अलमारी तोड़कर मंगलसूत्र, कान के झुमके, टॉप्स, चेन और ₹50,000 नकद चुरा लिए।

​पाँचवें पीड़ित शिवपूजन के घर से भी चोर पीछे के रास्ते से दाखिल हुए और कीमती सामान लेकर चंपत हो गए। सभी पीड़ितों को चोरी की घटना की जानकारी सुबह होने पर हुई।

​इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक श्यामसुंदर तिवारी ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है और इस पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। हालाँकि, एक साथ हुई इन चोरियों ने ग्रामीणों में असुरक्षा की भावना पैदा कर दी है और वे पुलिस से प्रभावी कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं।