📅 Published on: August 30, 2025
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। विकास खंड बढ़नी के अंतर्गत परसा खाद समिति पर खाद वितरण में गंभीर अनियमितताओं को लेकर किसानों और महिलाओं ने जोरदार हंगामा किया। उनका आरोप है कि समिति द्वारा खाद को खुले बाजार में बेचा जा रहा है, जबकि सुबह 4-5 बजे से कतार में लगे जरूरतमंद किसान और महिलाएं खाली हाथ लौटने को मजबूर हैं।
ग्रामीण महिलाओं ने आरोप लगाया कि समिति में मनमानी चल रही है और “सेटिंग” के जरिए पिछले दरवाज़े से खाद की बिक्री हो रही है। किसानों ने बताया कि आस-पास के गाँवों से आए किसानों को यह कहकर वापस कर दिया जाता है कि वे “दूसरे समिति” के हैं, जबकि हकदार किसान खाद के लिए भटक रहे हैं।
किसानों और महिलाओं का कहना है कि यह सब ज़िम्मेदार अधिकारियों की मिलीभगत से हो रहा है, जिससे कुछ लोगों की जेबें भर रही हैं और आम किसान मुसीबत में पड़ गए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल इस मामले की जाँच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।