📅 Published on: August 31, 2025
Nizam Ansari
सिद्धार्थनगर। दवा विक्रेताओं की समस्याओं को दूर करने और उनके हितों की रक्षा के लिए रविवार को सिद्धार्थनगर मुख्यालय के एक होटल में दवा विक्रेता समिति की नई नगर इकाई का सर्वसम्मति से गठन किया गया। इस कार्यक्रम में अनिरुद्ध राय को अध्यक्ष, जबकि मजीबुल्लाह को महासचिव चुना गया।
अतिथियों ने दी शुभकामनाएं
गठन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे शिक्षक विधायक ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जब शासन-प्रशासन नहीं सुनता, तब संगठन ही एकमात्र सहारा होता है जो शोषण और अत्याचार के खिलाफ लड़ता है। उन्होंने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि वे दवा विक्रेताओं के संघर्ष में कंधे से कंधा मिलाकर चलेंगे और हर संभव मदद करेंगे। इस दौरान औषधि निरीक्षक नवीन कुमार सिंह ने भी भरोसा दिलाया कि उनके रहते किसी भी दवा व्यवसायी को कोई परेशानी नहीं होगी। उन्होंने सभी से अपनी समस्याओं को सीधे उन तक पहुंचाने का आग्रह किया, ताकि उनका तुरंत समाधान किया जा सके।
संगठन की एकजुटता पर जोर
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे दवा विक्रेता समिति के जिलाध्यक्ष मोहम्मद जमील सिद्दीकी ने संगठन की एकजुटता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि दवा व्यवसायियों के हक और शोषण के खिलाफ लड़ने के लिए संगठन बहुत जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि समिति हमेशा उनके साथ खड़ी है, चाहे सुख हो या दुःख। उन्होंने सभी से मिलकर काम करने और संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
इनको मिली प्रमुख जिम्मेदारियां
समिति में अन्य प्रमुख पदों पर हनुमान प्रसाद वैद्य को संरक्षक, संजय अग्रहरि को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, अखिलेश यादव को कोषाध्यक्ष और वासुदेव पांडे को मीडिया प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा, जिला कार्यकारिणी का भी विस्तार किया गया, जिसमें इरशाद अनवर खां को जिला उपाध्यक्ष, सत्येंद्र गुप्ता को संगठन मंत्री और प्रदीप वर्मा को जिला संयुक्त मंत्री नियुक्त किया गया। कार्यक्रम का संचालन नियाज़ कपिलवस्तुवी ने किया।