📅 Published on: September 1, 2025
Kapilvastupost
शोहरतगढ़ – रोजी-रोटी की तलाश में मुंबई के लिए निकले एक 22 वर्षीय युवक का शव चार दिन बाद बैरैनिया नदी में उतराता हुआ मिला। युवक के पिता ने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शव की पहचान शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र स्थित गणेशपुर गांव के निवासी रामसजीवन पुत्र जग्गू 22 वर्षीय बेटे के रूप में हुई। रविवार की सुबह गांव के कुछ लोगों ने नदी में एक शव को तैरते हुए देखा, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे शाहरहतगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक बिदेश्वरी मणि त्रिपाठी और उनकी टीम ने शव को बाहर निकाला और उसकी पहचान कराई।
युवक के पिता जग्गू ने बताया कि उनका बेटा चार दिन पहले यह कहकर घर से निकला था कि वह मुंबई जा रहा है। जब दो दिन तक उसकी कोई खबर नहीं मिली तो परिजन चिंतित हो गए। उन्होंने मुंबई में रह रहे रिश्तेदारों और दोस्तों से भी संपर्क किया, लेकिन किसी ने उसके बारे में कोई जानकारी नहीं दी। अचानक शव मिलने की खबर सुनकर परिजन सदमे में हैं।
पुलिस ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।